उन्नाव। 13 जुलाई को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लखनऊ-कानपुर एलीवेटेड एक्सप्रेसवे के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम स्थल झाऊखेड़ा गांव के पास बनाए जा रहे रेस्ट एरिया में तीन हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था, जनसभा पंडाल, निर्माणाधीन हेलीपैड, वीआईपी आवागमन मार्ग तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों और संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और हेलीपैड से मंच तक सुरक्षित एवं सुगम मार्ग तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड, उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी, एनएचएआई के अधिकारी तथा कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।
