हिलौली में स्थानीय कलाकारों ने जीवंत किए धार्मिक प्रसंग, राम जन्म की लीला देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
मौरावां, उन्नाव। हिलौली स्थित रामलीला मैदान में रविवार को नारदमोह से लेकर भगवान श्रीराम के जन्म तक की लीलाओं का स्थानीय कलाकारों ने भावपूर्ण मंचन किया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। लीला का शुभारंभ ग्राम प्रधानपति महेश सोनी ने भगवान विष्णु की आरती कर किया।
मंचन के दौरान कलाकारों ने भक्ति, अहंकार, तपस्या और धर्म की स्थापना से जुड़े प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नारदमोह प्रसंग के माध्यम से बताया गया कि मनुष्य को अपनी तपस्या और उपलब्धियों पर कभी अहंकार नहीं करना चाहिए। इसके बाद धरती पर बढ़ते अधर्म से मुक्ति के लिए देवताओं की प्रार्थना और भगवान विष्णु के अवतार की पृष्ठभूमि का मंचन किया गया।
रामलीला में राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ, ऋषि श्रृंगी के अनुष्ठान और भगवान श्रीराम के जन्म का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग मंचित हुआ, पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मंचन में भगवान विष्णु की भूमिका राज दीक्षित, ब्रह्मा की बबलू दीक्षित, भोलेनाथ की उदयभान गुप्ता, श्रीराम की मुरलीधर दीक्षित, लक्ष्मण की इच्छांश तिवारी, नारद की रामशंकर, इंद्र एवं राजा दशरथ की वीरेंद्र शर्मा, शीलनिधि की वीरेंद्र शर्मा, कामदेव की अंशुल शुक्ला, वशिष्ठ की उदयभान गुप्ता और श्रृंगी ऋषि की भूमिका बबलू दीक्षित ने निभाई। महिला कलाकार माधुरी और शिवानी ने भी अपने अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर अशोक मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, राजकुमार गुप्ता, आलोक सोनी, मुकेश निर्मल, सोनू मिश्रा, पुन्नू सविता, बच्चा मिश्रा, शिशु मिश्रा, अमित सविता, मयंक गुप्ता, सचिन सविता सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
