लखनऊ के सरोजनीनगर थाने की पुलिस ने वारंट के आधार पर की कार्रवाई, सरकारी और खाताधारकों की रकम के दुरुपयोग का आरोप
लखनऊ। डाक विभाग में सरकारी और खाताधारकों की रकम के कथित गबन के मामले में फरार चल रहे 24 वर्षीय आरोपी रौनक शुक्ला को सरोजनीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 22 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस के मुताबिक, 4 अप्रैल 2025 को पश्चिमी डाक उपमंडल के सहायक अधीक्षक एवं दक्षिणी डाक उपमंडल के अतिरिक्त प्रभार अधिकारी हरिहरनाथ त्रिपाठी ने पुलिस उपायुक्त दक्षिणी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में शाखा डाकपाल के पद पर नियुक्त रौनक शुक्ला पर सरकारी और खाताधारकों की रकम के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के आधार पर सरोजनीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 122/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। इस पर न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौनक शुक्ला पुत्र अतुल कुमार शुक्ला, निवासी गांधी नगर, तेलीबाग, थाना पीजीआई, लखनऊ के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
— शमशाद सिद्धिकी संवाददाता, लखनऊ
