एक दर्जन से अधिक झांकी रथ, डीजे और बैंड-बाजे रहे आकर्षण का केंद्र, जगह-जगह हुई आरती और प्रसाद वितरण
सिद्धौर (बाराबंकी)। जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के सिद्धौर कस्बे में दशहरा के दूसरे दिन गुरुवार शाम भव्य रामबारात निकाली गई। एक दर्जन से अधिक झांकी रथ, डीजे, ढोल, भांगड़ा और बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे कस्बे में धार्मिक उल्लास और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रामबारात कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे की धुन पर बड़ी संख्या में युवा नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।
नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और प्रसाद वितरित किया। रामबारात को देखने के लिए कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जुटे। आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। असंद्रा थाना प्रभारी अनिल सिंह और सिद्धौर चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सत्यनाम सिंह वर्मा उर्फ गुड्डू, डॉ. राजेंद्र वर्मा, तेज बक्स सिंह उर्फ गुड्डू, अखिलेश यादव, रामचंद्र वर्मा, अशोक वर्मा सहित कस्बे और क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संवाददाता: इंद्रराज राजपूत
