उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के पुरवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुरैता प्राचीन से राष्ट्रसेवक राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा संचालित श्री रामलला श्रवण कुमार निशुल्क तीर्थयात्रा के तहत एक और श्रद्धालु दल शुक्रवार को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा में 59 श्रद्धालु शामिल हैं।
राष्ट्रसेवक पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह की प्रेरणा से संचालित इस निशुल्क तीर्थयात्रा का शुभारंभ उनके बड़े भाई मानवेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रवाना होने से पहले उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने सभी यात्रियों की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि यह पहल केवल तीर्थयात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण का एक अभियान है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के पावन धाम अयोध्या के दर्शन कराने का अवसर उपलब्ध कराना है।
यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं को विदा करने और इस पुण्य यात्रा के साक्षी बनने के लिए मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष शिवबहादुर सिंह पूत, ज्ञान सिंह, नीरज कश्यप, गुड्डू पासवान, रामप्रकाश, शुभाषचंद्र, रामपाल, मुनेश्वर, विजय कुमार, पंकज बाबा, दीपक, शेषपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। यात्रियों ने इस सेवा कार्य के लिए पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह का आभार व्यक्त किया।
