उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर में एक 32 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी सोनी (32 वर्ष), पत्नी गोविंद, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपने कमरे में सीढ़ी के सहारे फंदे से लटकी मिलीं। सोनी स्थानीय गोकुल बाबा फैक्ट्री में कार्यरत थीं, जबकि उनके पति गोविंद हरियाणा के फरीदाबाद स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
परिजनों के अनुसार, दोपहर तक सोनी कमरे से बाहर नहीं निकलीं तो उनके जेठ गोपाल को चिंता हुई। कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सोनी फंदे से लटकी हुई थीं। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिंदा नगर चौकी प्रभारी लक्ष्मीकांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पति को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है, तो उसके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
