पाटन (उन्नाव)। तहसील बीघापुर क्षेत्र स्थित कमलापति इंटर कॉलेज के सहायक शिक्षक एवं युवा कवि अनुज कुमार तिवारी को कथा विभूषण श्री सम्मान मिलने पर साहित्य जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई। जिले के साहित्यकारों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी है।
जानकारी के अनुसार, के.बी. हिंदी सेवा न्यास के तत्वावधान में आर.के. इंटरनेशनल स्कूल, बिसौली (बदायूं) में आयोजित भव्य साहित्यिक समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में संस्थान द्वारा प्रकाशित ‘कथा लोक’ पुस्तक के माध्यम से श्रेष्ठ कथाएं लिखने और कविताओं के माध्यम से समाज को जागृत करने वाले कवि-साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में अनुज कुमार तिवारी को संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र शर्मा एवं जन्मेजय पाठक ने अंग वस्त्र, प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर कवि तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उन सभी शिक्षकों और साहित्य प्रेमियों की है जो समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गणेश नारायण शुक्ला, चंद्र किशोर सिंह, प्रधानाचार्य राजेंद्र दीक्षित, प्रवक्ता वरुण प्रकाश, अनिल कुमार मिश्रा, योगेंद्र सिंह, केशव नाथ, बुद्धिलाल, दीपक शर्मा और चंद्रप्रकाश यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अनुज तिवारी जैसे युवा साहित्यकार साहित्य और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
साहित्यकारों ने आशा जताई कि वे आगे भी अपनी रचनाओं से समाज में जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं का संचार करते रहेंगे।
