उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवंतनगर के अंतर्गत ग्राम अकवारा में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए निर्धन परिवार के मुखिया मनीष पासवान की मदद के लिए समाजसेवा की मिसाल पेश की गई। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के दिन हुए हादसे में मनीष पासवान, पुत्र छोटेलाल पासवान, का एक पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया था, जिसके चलते उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी।
हालांकि ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति में सुधार के बजाय पैर में पस बनने की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे हालत चिंताजनक हो गई। आर्थिक रूप से बेहद कमजोर होने के कारण परिवार के सामने इलाज कराना मुश्किल हो रहा था।
जैसे ही इस मामले की जानकारी जनप्रिय समाजसेवी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह को मिली, उन्होंने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने बड़े भाई मानवेन्द्र सिंह को उन्नाव के एक निजी अस्पताल भेजकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
अस्पताल पहुंचे मानवेन्द्र सिंह ने घायल मनीष पासवान का हालचाल जाना, उन्हें हिम्मत बंधाई और इलाज के लिए आर्थिक मदद प्रदान की। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने चिकित्सकों से मनीष की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेकर जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इस सहायता से राहत महसूस करते हुए मनीष पासवान और उनकी माताजी ने समाजसेवी पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रखर सिंह (अकवारा) और रामजी यादव सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
