हर नागरिक तक कानून की जानकारी पहुँचाने का लक्ष्य
लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिण जोन द्वारा “नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान 2.0” का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को भारत के नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)—के बारे में सरल और स्पष्ट जानकारी प्रदान करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत दक्षिण जोन के विभिन्न स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और मोहल्लों में विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में आमजन, विद्यार्थी, महिलाएँ, वरिष्ठ नागरिक और स्वयं पुलिस कर्मियों को भी नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया जा रहा है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इन नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, नागरिक-केंद्रित और प्रभावी बनाना है। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे कानूनों की जानकारी प्राप्त करें और जागरूक समाज के निर्माण में योगदान दें।
यह अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा ताकि हर नागरिक तक नए आपराधिक कानूनों की जानकारी पहुँचे और उनके सही क्रियान्वयन में जनसहयोग सुनिश्चित किया जा सके।
