नई दिल्ली। पंजाब भाजपा नेता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने दिल्ली के ऐतिहासिक चांदनी चौक का नाम बदलकर शीश गंज रखने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर अपील की है कि इस क्षेत्र का नाम गुरु तेग बहादुर जी की अमर शहादत के प्रतीक के रूप में शीश गंज रखा जाए।
भाजपा नेता ने कहा कि यह कदम भारत की सहिष्णुता, बहादुरी और धार्मिक स्वतंत्रता जैसे मूल्यों के प्रति एक ऐतिहासिक सम्मान होगा। उन्होंने लिखा कि एक सिख और भारतीय होने के नाते वे गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को नमन करते हैं, जिन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता और मानवता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
गौरतलब है कि पार्टी ने यह अपील 25 नवंबर को गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहीदी वर्षगांठ से पहले की है। भाजपा की पंजाब इकाई का मानना है कि चांदनी चौक का नाम बदलने से गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की भावना को स्थायी सम्मान मिलेगा।
