पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच केंद्र सरकार ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है।
गृह मंत्रालय के आदेश के बाद सीआरपीएफ की वीआईपी सुरक्षा इकाई उन्हें सुरक्षा कवर देगी। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों की एक रिपोर्ट में तेज प्रताप यादव को संभावित खतरे की आशंका जताई गई थी, जिसके आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
वाई-प्लस कैटेगरी के तहत उनके साथ हर समय सशस्त्र कमांडो की टीम तैनात रहेगी। यह सुरक्षा दिल्ली से लेकर बिहार तक उनके सभी दौरे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में लागू रहेगी।
वर्तमान में तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं और लगातार रैलियां कर रहे हैं। ऐसे में यह कदम राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
इस निर्णय के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर वीआईपी सुरक्षा और राजनीतिक प्रभाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
