नई दिल्ली। दुबई में 17 से 21 नवंबर तक आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय एयर शो में इस बार भारत की दोतरफा भागीदारी देखने को मिलेगी। एक ओर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम अपने शानदार हवाई करतबों से आसमान में तिरंगा लहराएगी, वहीं दूसरी ओर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत की ओर से इस वैमानिकी कार्यक्रम में शामिल होंगे।रक्षा सूत्रों के अनुसार, सूर्यकिरण टीम 17 और 18 नवंबर को एयर शो के शुरुआती दो दिनों में प्रदर्शन करेगी। वहीं, रक्षा मंत्री की उपस्थिति भारत की रणनीतिक और तकनीकी क्षमता को वैश्विक मंच पर और सशक्त बनाएगी। यह शो दुबई के अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (दुबई वर्ल्ड सेंट्रल) पर आयोजित होगा।
सूर्यकिरण टीम की खासियत
भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम में 9 रेड एंड वाइट हॉक मार्क-132 विमान शामिल हैं, जिन्हें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने लाइसेंस के तहत तैयार किया है। ये टीम एशिया की पहली नौ-विमानों की ऐसी टीम है, जो बेहद नजदीकी फॉर्मेशन में हार्ट, डायमंड, लूप और कॉम्बैट जैसी रोमांचक कलाबाजियां दिखाती है।इसके अलावा, वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी एचएएल द्वारा निर्मित ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ भारत की तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करती रही है। सारंग टीम का मुख्य बेस कोयंबटूर के पास सुलूर एयरबेस है।
भारत की बढ़ती वैमानिकी ताकत
पिछले कुछ वर्षों से भारत दुबई एयर शो में लगातार मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। 2023 के एयर शो में भारत ने एलसीए तेजस, एएलएच ध्रुव और सारंग हेलीकॉप्टरों के जरिए अपनी घरेलू रक्षा तकनीक की शक्ति दिखाई थी।तेजस भारत का पहला स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान (LCA) है, जिसे एचएएल ने तैयार किया है। फिलहाल वायुसेना में इसकी दो स्क्वाड्रन — 45 स्क्वाड्रन (फ्लाइंग डैगर्स) और 18 स्क्वाड्रन (फ्लाइंग बुलेट्स) — तैनात हैं। वायुसेना भविष्य में तेजस की 18 और स्क्वाड्रन खरीदने की योजना पर काम कर रही है।वहीं ध्रुव हेलीकॉप्टर, जो 5.5 टन वजनी और डबल इंजन वाला बहु-भूमिका हेलीकॉप्टर है, 2002 में सेना में शामिल किया गया था। आज थलसेना, नौसेना और वायुसेना तीनों ही इसकी सेवाएं ले रही हैं।
द्विपक्षीय संबंधों को देगा बल
दुबई एयर शो न केवल भारत की बढ़ती रक्षा तकनीकी क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा, बल्कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच द्विपक्षीय और सामरिक संबंधों को भी और मजबूत बनाएगा।
