नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली सोमवार शाम उस वक्त दहल उठी जब लालकिला क्षेत्र में जोरदार विस्फोट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब 6:52 बजे की है जब लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद पास में खड़ी कई गाड़ियां और ऑटो भी आग की चपेट में आ गए। मौके पर पहुंची दमकल की सात गाड़ियों ने आग पर करीब आधे घंटे में काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनएसजी, फॉरेंसिक टीम और एनआईए अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शुरुआती जांच में विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को नकार नहीं रही है।
गृह मंत्री अमित शाह ने मामले की रिपोर्ट तलब करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
राजधानी के संवेदनशील इलाकों — इंडिया गेट, कनाॅट प्लेस और संसद मार्ग — पर भी पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
