नई दिल्ली। सोमवार शाम राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के सामने एक भीषण विस्फोट हुआ। घटना सुभाष मार्ग स्थित चौराहे पर एक आई20 कार में हुई, जिससे आसपास के कई वाहनों में आग लग गई। धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबर है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि हर एंगल से गहन जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि विस्फोट की सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर स्पेशल सेल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। जांच में एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें भी शामिल हैं।
शाह ने कहा, “हम सभी संभावनाओं को तलाश रहे हैं और जांच के नतीजे जल्द जनता के सामने रखे जाएंगे।” उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और स्पेशल सेल के अधिकारियों से बात की तथा बाद में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात भी की।
फिलहाल आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस ने विस्फोट के कारणों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
