नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई प्रमुख कार्यक्रमों में भाग लेंगे और करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात देंगे।
पुट्टापार्थी में श्री सत्य साईं बाबा को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10 बजे आंध्र प्रदेश के पुट्टापार्थी पहुंचकर भगवान श्री सत्य साईं बाबा की महासमाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे वे जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री साईं बाबा के जीवन, शिक्षाओं और उनके योगदान पर आधारित स्मारक सिक्का और डाक टिकटों का विशेष सेट जारी करेंगे। इसके साथ ही वे सभास्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।
कोयंबटूर में प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन
पुट्टापार्थी से रवाना होकर प्रधानमंत्री दोपहर 1:30 बजे तमिलनाडु के कोयंबटूर पहुंचेंगे। वहां वे दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पीएम-किसान निधि की 21वीं किस्त के रूप में 9 करोड़ किसानों को 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य
19 से 21 नवंबर तक चलने वाला यह शिखर सम्मेलन प्राकृतिक, टिकाऊ और रसायन-मुक्त कृषि को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। सम्मेलन का लक्ष्य—
- किसानों को पर्यावरण-अनुकूल खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना
- कृषि को जलवायु-अनुकूल तथा आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाना
- किसान संगठनों, उद्यमियों और बाजार के बीच संपर्क बढ़ाना
- जैविक इनपुट, कृषि प्रसंस्करण, पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग और स्वदेशी तकनीक का प्रदर्शन
50,000 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल
इस बड़े आयोजन में तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के 50,000 से अधिक किसान, वैज्ञानिक, कृषि उद्यमी और विक्रेता शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा किसानों की आय में वृद्धि, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और दक्षिण भारत में कृषि नवाचारों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
