लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ में आयोजित विश्व के माननीय मुख्य न्यायाधीशों के 26वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए। इस प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मेलन में न्यायपालिका से जुड़े शीर्ष प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि न्याय केवल समता का आधार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, उनके स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य की नींव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और सुलभ न्याय व्यवस्था ही समाज में विश्वास और स्थिरता पैदा करती है।
सीएम ने आगे कहा कि भारत प्राचीन काल से न्याय के उच्च आदर्शों को मानने वाला देश है और आज भी वैश्विक स्तर पर न्यायिक सुधार, पारदर्शिता और तकनीकी नवाचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में विभिन्न देशों के मुख्य न्यायाधीशों ने भी न्यायिक सहयोग, वैश्विक चुनौतियों और तकनीकी बदलावों पर अपने विचार साझा किए।
