कानपुर। समाज सेवा, आपसी भाईचारे और राष्ट्रहित के उद्देश्यों को लेकर सक्रिय सच्चे दोस्त फाउंडेशन द्वारा एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज व राजनीति से जुड़े कई प्रमुख एवं विशिष्ट व्यक्तियों ने सहभागिता की।
स्वास्थ्य शिविर में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज भदौरिया रहे। उनके साथ योगेन्द्र शर्मा, पार्षद अविनाश सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य डॉ. शरद बाजपेयी, अनुराग बाजपेयी (राष्ट्रीय संयोजक, सच्चे दोस्त फाउंडेशन) एवं विराज भदौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, युवाओं की भागीदारी, जरूरतमंदों की सहायता तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे। अतिथियों ने सच्चे दोस्त फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
मुख्य अतिथि कुंवर मनोज भदौरिया ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से प्रत्येक ब्लॉक, तहसील एवं वार्ड स्तर पर आयोजित होने चाहिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर उनका स्वागत माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
राष्ट्रीय संयोजक अनुराग बाजपेयी ने कहा कि सच्चे दोस्त फाउंडेशन का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाना है। वहीं संगठन के सचिव विराज भदौरिया ने फाउंडेशन की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य शिविर का समापन सकारात्मक वातावरण, सामाजिक चेतना एवं सहयोग की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
