जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को एक दिवसीय राजस्थान दौरे पर जयपुर पहुंचीं। राष्ट्रपति के इस वीआईपी मूवमेंट के दौरान एयरपोर्ट पर एक अप्रिय घटना घटित हो गई। राष्ट्रपति के काफिले के साथ रवाना होते समय सुरक्षा में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल का पैर फिसल गया, जिससे वह घायल हो गया।
गाड़ी में बैठते समय फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का काफिला जैसे ही जयपुर एयरपोर्ट से बाहर निकल रहा था, तभी गवर्नर सिक्योरिटी में तैनात कांस्टेबल गिरिराज गाड़ी में बैठने के दौरान अचानक अपना संतुलन खो बैठे। बताया गया कि गाड़ी पर चढ़ते समय उनका पैर स्लिप हो गया और वह सीधे सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में कांस्टेबल के सिर में चोट आई है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल कांस्टेबल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार कांस्टेबल की चोट गंभीर नहीं है और उनका उपचार जारी है।
1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में हुईं शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रामानंद मिशन की ओर से सीकर रोड स्थित नींदड़ हाउसिंग स्कीम, हरमाड़ा में आयोजित 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में भाग लेने जयपुर पहुंची हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर राष्ट्रपति ने विश्व शांति और लोक कल्याण की कामना की।
शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए राजधानी जयपुर में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। वीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा कारणों से दोपहर बाद शहर की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
