इंद्रराज राजपूत
बाराबंकी।जनपद के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बिरौली द्वारा ट्रेनिंग एंड पेयरिंग प्रोग्राम के अंतर्गत विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान चयनित 50 छात्र-छात्राओं को सहयोगी इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज तथा थाना कोतवाली सफदरगंज का भ्रमण कराया गया।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने इंटर कॉलेज एवं डिग्री कॉलेज की लाइब्रेरी, कक्षाओं एवं शैक्षिक संसाधनों का अवलोकन किया। इससे उन्हें उच्च शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने थाना कोतवाली सफदरगंज पहुंचकर विभिन्न पटलों का भ्रमण किया, जहां कोतवाल एवं पुलिस कर्मियों ने थाना स्तर पर होने वाले कार्यों, कानून व्यवस्था एवं पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रमेश चंद्र ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ती है तथा उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग मिलता है। भ्रमण के दौरान सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार, दुर्गेश कुमार, राकेश कुमार, राहुल गुप्ता, कुलदीप सिंह त्यागी एवं सुमन सिंह ने छात्रों का सहयोग किया।
