लखनऊ। कानपुर रोड स्थित बन्थरा में एम जी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (MGIMT) एवं शेखर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के संयुक्त तत्वावधान में फ्रेशर पार्टी ‘परिचय’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत कर उन्हें शैक्षणिक व सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना रहा।
इस अवसर पर इंजीनियरिंग, बीएड, बीकॉम, फार्मेसी एवं ऑप्टोमेट्री विभागों के सीनियर एवं जूनियर विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, रैम्प वॉक सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्रों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के चेयरमैन श्री सी.एल. शेखर ने नियमित एवं योजनाबद्ध अध्ययन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही सफलता नहीं है, बल्कि पढ़ाई को जीवन में आत्मसात करना ही वास्तविक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है।
वहीं प्रबंध निदेशक श्री निहित कुमार शेखर ने विद्यार्थियों को अनुसंधान और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग, फार्मेसी या अन्य किसी भी क्षेत्र में नई खोजें ही समाज और देश को आगे ले जाने का कार्य करती हैं।
इस अवसर पर मिस फ्रेशर के रूप में फार्मेसी विभाग से आसनी रावत, बीकॉम से शिवानी विश्वकर्मा, ऑप्टोमेट्री से काजल, बीटेक से शिउली लाहा एवं पॉलिटेक्निक से अंशिका को चयनित किया गया। वहीं मिस्टर फ्रेशर का खिताब फार्मेसी से विशाल कुमार, ऑप्टोमेट्री से अनुज कुमार, बीटेक से राहुल एवं पॉलिटेक्निक से हितेश अवस्थी को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) जे.पी. श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी नवप्रवेशी एवं वरिष्ठ छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सभी विभागों के प्रधानाचार्य, विभागाध्यक्ष, अस्पताल अधीक्षक, नोवा शेखर हॉस्पिटल के चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
