इंद्रराज राजपूत
सिद्धौर, बाराबंकी।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जनपद बाराबंकी के जैदपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिद्धौर नगर पंचायत स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन और मंदिर मेला कमेटी पूरी तरह सक्रिय नजर आई। पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले शिव भक्तों की सुरक्षा एवं सुचारु जलाभिषेक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा कस्बे में फ्लैग मार्च भी किया गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया तथा असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी भी दी गई।
थाना असंद्रा अध्यक्ष प्रवीण त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रही। चौकी इंचार्ज आरपी मिश्र अपनी टीम के साथ मंदिर परिसर एवं मेले क्षेत्र में लगातार निगरानी करते दिखाई दिए। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक कराने के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग तथा पार्किंग व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है।
इस दौरान नगर अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी, भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद डॉ. राजेंद्र वर्मा, तेज बख्श सिंह ‘गुड्डू’, रामचंद्र वर्मा, प्रधान सत्यानाम सिंह वर्मा ‘गुड्डू’ सहित मंदिर मेला कमेटी के कई गणमान्य सदस्य मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति और अनुशासन बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।
