बाराबंकी। जनपद के जैदपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिद्धौर नगर स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेशंकर का जलाभिषेक किया। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने गंगाजल, दूध, घी, शक्कर, शहद, धतूरा, बेलपत्र, फल-फूल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर “ऊँ नमः शिवाय”, “हर-हर महादेव”, “हर-हर गंगे” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें सुबह से देर रात तक लगी रहीं, जिससे पूरा सिद्धौर नगर शिवमय हो गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अपार भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने गर्भगृह से लेकर मेला क्षेत्र तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया। एक समय अत्यधिक भीड़ के कारण व्यवस्थाएं प्रभावित होती नजर आईं, लेकिन रामसनेही घाट क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्र, असंद्रा थाना अध्यक्ष प्रवीण त्रिपाठी एवं सिद्धौर चौकी इंचार्ज आर.पी. मिश्र ने तत्काल फोर्स के साथ मोर्चा संभालकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
ड्रोन निगरानी में निकली शिव बारात
दोपहर बाद निकली शिव बारात शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। ड्रोन कैमरे की निगरानी में डीजे, भांगड़ा, घोड़ा-बग्घी, आकर्षक झांकियां, ट्रैक्टर-ट्रॉली और आतिशबाजी के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों से शोभायात्रा पारंपरिक धूमधाम के साथ निकाली गई।
मेला प्रभारी नायब तहसीलदार सौरभ सिंह, नगर अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी सहित प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। मंदिर कमेटी के सत्यनाम सिंह वर्मा (गुड्डू), नगर चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, डॉ. राजेंद्र वर्मा, तेजबक्श सिंह गुड्डू, अखिलेश यादव, अजय वर्मा, जितेंद्र वर्मा, रामचंद्र वर्मा, लेखपाल अभिषेक वर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग भी व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आए।
महाशिवरात्रि के अवसर पर सिद्धौर तीर्थ नगरी में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
