बाराबंकी। जनपद में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने खंड विकास कार्यालय बंकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित मॉडल आवास का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मॉडल आवास ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण निर्माण का उदाहरण प्रस्तुत करेगा और पात्र परिवारों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने में मार्गदर्शक सिद्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित “प्रेरणा कैंटीन” का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, डीसी मनरेगा बृजेश कुमार, खंड विकास अधिकारी बंकी मोनिका पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
