बाराबंकी। विकासखंड पूरेडलई के खुटौली स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर “हमारा आंगन हमारे बच्चे” उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में खंड शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। पूर्व माध्यमिक विद्यालय अजईमऊ की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया और पुष्पगुच्छ भेंट किया।
अपने संबोधन में अंगद सिंह ने शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की कि वे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हुए पूरेडलई ब्लॉक को निपुण ब्लॉक बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि बुनियादी साक्षरता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
सीडीपीओ पाल ने निपुण भारत मिशन के तहत पूर्व प्राथमिक एवं प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान के विकास की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने पूरेडलई को आकांक्षी ब्लॉक से निपुण ब्लॉक बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न न्याय पंचायतों से चयनित निपुण बच्चों को सम्मानित किया गया। विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में चयनित दस विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती अर्चना द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में एआरपी आलोक राज एवं दिवाकर सिंह का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में संजय सोनी, मान सिंह (जिलाउपाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ), शिव कुमार सिंह, राकेश यादव, सतीश यादव, जगदीश मिश्र, मोहब्बत अली, लवलेश सिंह, प्रमोद कुमार, चंद्रभान, मो. शोएब, प्रमोद सिंह, स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम के संदर्भदाता सुधीर भारती सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अजय चौधरी एवं कुलदीप सिंह ने किया।
