मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद मीरजापुर में आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सुगम दर्शन व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखा जाए। साथ ही भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सहज वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
