नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन से फोन पर बातचीत कर उन्हें ईद और नवरोज़ की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने इस अवसर पर पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि की कामना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बातचीत के दौरान क्षेत्रीय हालात पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने उम्मीद जताई कि त्योहारों का यह अवसर पूरे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देगा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमलों पर चिंता व्यक्त की और उनकी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को भी प्रभावित करती हैं।
दोनों देशों के नेताओं ने आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
