वाराणसी। पंचगंगा घाट पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गंगा स्नान के दौरान एक युवक डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहतास जिला निवासी श्याम कुमार अपने दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने आए थे और गंगा स्नान के लिए घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। साथियों द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। गोताखोरों की मदद से गंगा में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद घाटों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गहरे पानी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त चेतावनी बोर्ड और निगरानी की व्यवस्था नहीं है, जिससे इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें और केवल निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही उतरें।
