ऑयल कंपनियों संग समीक्षा बैठक, पंपवार निगरानी के निर्देश; कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
बाराबंकी, 27 मार्च। जनपद में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता व आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को सभी ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी भी मौजूद रहे।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पंपवार सख्त निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, जनपद में कुल 247 पेट्रोल पंप संचालित हैं। वर्तमान में 2580 किलोलीटर डीजल और 1860 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। वहीं शुक्रवार सुबह तक 1426 किलोलीटर डीजल और 820 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि अफवाहों के चलते पिछले दिन की तुलना में करीब ढाई गुना अधिक बिक्री हुई, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी दबाव बना।
ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक में आश्वस्त किया कि डिपो में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है और सभी पंपों पर नियमित आपूर्ति जारी है। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे और शाम 8 बजे पंपवार स्टॉक की जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए, साथ ही डिपो से भेजे गए ईंधन का विवरण भी साझा किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कालाबाजारी या जमाखोरी की किसी भी शिकायत पर प्रिवेंशन ऑफ ब्लैकमार्केटिंग एक्ट और आवश्यक वस्तु अधिनियम (EC Act) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंत में डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे घबराकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें। उन्होंने कहा कि जनपद में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रशासन पूरी व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
