पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर के अंतर्गत सुमेरपुर विकासखंड स्थित कंपोजिट विद्यालय कुतुबपुर में गुरुवार को ‘वार्षिक शिक्षा चौपाल एवं शिक्षा उन्नयन गोष्ठी’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता और भविष्य की रणनीतियों पर मंथन के साथ-साथ मेधावी छात्र-छात्राओं और जागरूक अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेश बाजपेई तथा विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अखिलेश वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू यादव एवं भूतपूर्व प्रधान समर सिंह भी उपस्थित रहे।
छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने समारोह में समां बांध दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अरुणेंद्र सिंह एवं बृजेश सिंह ने किया।
शिक्षा की गुणवत्ता और नामांकन पर जोर
गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने विद्यालयी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, छात्र नामांकन बढ़ाने और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर विस्तार से चर्चा की। खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश वर्मा ने शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान संकुल सहिला के शिक्षक योगेंद्र शुक्ल, राम देव, मनीष बाजपेई, दीप नारायण श्रीवास्तव, शशि शंकर वर्मा, सुनील, रोहित निर्मल, सुनील यादव एवं अनूप कुमार सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सम्मान पाकर खिले छात्र और अभिभावकों के चेहरे
समारोह के मुख्य आकर्षण मेधावी छात्र-छात्राएं रहे, जिन्हें उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया। साथ ही, विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले अभिभावकों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक मणिशंकर तिवारी ने की।
इनका रहा विशेष योगदान
आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ से रवि प्रकाश शर्मा, नामो नारायण, सालेह रफत, रत्नेश एवं शशी देवी की मुख्य भूमिका रही। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकत्री गीता सिंह, किरन शर्मा तथा रसोइया सुमेरकली, सुलोचना व संजय सिंह का सहयोग भी सराहनीय रहा।
अंत में प्रधानाध्यापक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
