लखनऊ। सरोजनी नगर के शांति नगर स्थित हज हाउस और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सामने वाले 30 मीटर चौड़े रास्ते को नेशनल हाईवे द्वारा बंद किए जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। इस समस्या के स्थाई समाधान और आउटर रिंग रोड को टोल मुक्त करने की मांग को लेकर ‘जन विश्वास पार्टी’ और ‘सवर्ण युवा महासभा’ ने उप-जिलाधिकारी (SDM) सरोजनी नगर के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
25 हजार की आबादी और व्यापार प्रभावित
शांति नगर कट बंद होने से केवल स्थानीय निवासी ही नहीं, बल्कि व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक समाधान या अंडरपास के इस महत्वपूर्ण रास्ते को बंद कर दिया गया है। इससे शांति नगर, रहीमाबाद, भक्ति खेड़ा, केशव नगर, मुरली विहार, कैलाश विहार, मिश्रा कॉलोनी और त्रिमूर्ति नगर की लगभग 25,000 की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हो रही है।
स्कूली बच्चों और महिलाओं की बढ़ी मुश्किलें
जन विश्वास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील शुक्ला ने बताया कि इस कट के बंद होने से पैदल पार करना भी दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी आसपास के विद्यालयों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों, उनके अभिभावकों और महिलाओं को हो रही है। गौरी बाजार की तरफ से आने वाले लोगों को अब नादरगंज से लंबा चक्कर लगाकर आना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
दो सूत्रीय मांगों को लेकर संघर्ष का ऐलान
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से दो मांगें रखी गई हैं:
- शांति नगर कट पर तत्काल अंडरपास का निर्माण कराया जाए।
- लखनऊ के चारों ओर बनी आउटर रिंग रोड पर स्थानीय लोगों से टोल न लिया जाए।
इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से जन विश्वास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील शुक्ला, सवर्ण युवा महासभा के राष्ट्रीय सचिव श्री शिव मोहन तिवारी, प्रदेश महासचिव श्री देवपाल सिंह चौहान, सोभनाथ पांडेय सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग और पदाधिकारी मौजूद रहे। सवर्ण युवा महासभा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वे जन समस्याओं और व्यापारियों के हक के लिए सदैव संघर्षरत रहेंगे।
