उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के केदारखेड़ा गांव निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार केदारखेड़ा गांव निवासी रामबाबू पुत्र श्यामलाल ने बिहार थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व रायबरेली जनपद के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के कछुआ गांव निवासी युवती आरती के साथ हुई थी। रामबाबू मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
पीड़ित का आरोप है कि बीघापुर थाना क्षेत्र के भोगईता गांव निवासी परमेश्वर तथा उसकी मां राजवती उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर वह अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए आरोपित के गांव पहुंचा, जहां आरोपित और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
रामबाबू ने बिहार थाना पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
