पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के तकिया पाटन गांव में उस समय मातम पसर गया, जब एक शादी की खुशियां गम में बदल गईं। बारात से लौटते समय अचलगंज थाना क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में नहाने गए 20 वर्षीय युवक की स्विमिंग पूल में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बारात से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा तकिया पाटन निवासी मोहम्मद कैफ (20 वर्ष), पुत्र शमी मोहम्मद, गुरुवार को गांव के ही झब्बू के पुत्र मोहम्मद नसीर की बारात में शामिल होने के लिए अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा कस्बा गया था।
बारात के कार्यक्रम के बाद, मोहम्मद कैफ अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए राघव रिसॉर्ट पहुंचा। बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में नहाते समय कैफ अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों की कोशिशें रहीं नाकाम, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
कैफ को डूबता देख पूल में मौजूद उसके साथियों ने उसे बाहर निकालने का काफी प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक कैफ काफी पानी निगल चुका था और उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। दोस्त आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा सन्नाटा: युवक की मौत की खबर जैसे ही तकिया पाटन गांव पहुंची, शादी वाले घर और मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।
