हापुड़- उत्तर प्रदेश । जनपद हापुड़ में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी मारा गया। थाना हापुड़ नगर और थाना देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मृतक बदमाश डकैती के एक मामले में वांछित था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, थाना हापुड़ नगर पुलिस बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर अचानक भागने लगा। पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया। साथ ही वायरलेस के माध्यम से थाना देहात पुलिस को भी सूचना दी गई।
दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी करते हुए आरोपी को ग्राम गोदी के पास रोकने का प्रयास किया। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश ने एक ट्यूबवेल की आड़ ले ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने तत्काल घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए बदमाश की पहचान श्याम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह डकैती के मामले में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, कई कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक ने भागने का प्रयास किया और घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
