लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को योजना भवन, लखनऊ में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित उत्तर प्रदेश के कृषि रोडमैप संबंधी महत्वपूर्ण बैठक में सहभाग किया। बैठक में प्रदेश की कृषि व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं किसान हितैषी बनाने के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं, चना एवं मसूर जैसी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की अवधि बढ़ाए जाने संबंधी स्वीकृति पत्र सौंपा। इसके तहत अब किसानों से इन फसलों की खरीद 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक किसानों को अपनी उपज एमएसपी पर बेचने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा, बैठक में ग्रामीण आवास के क्षेत्र में भी प्रदेश को बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के नए चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के लिए 6,18,482 पक्के आवासों की स्वीकृति का अनुमोदन पत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय प्रदेश के किसानों और ग्रामीण गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कृषि, ग्रामीण विकास एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश के कृषि विकास, किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
