समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश, कई मामलों में अधिकारियों से फोन पर की बात
उन्नाव। जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरणों की गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान जगन्नाथगंज निवासी प्रदीप कुमार द्वारा धारा-134 के बावजूद कब्जा न मिलने, अचलगंज क्षेत्र के संजय द्वारा भूमिधरी भूमि की पैमाइश, कटरी पीपरखेड़ा निवासी अरविंद की भूमि पर कथित अवैध कब्जा, निहालपुर निवासी जयंत को न्यायालय के आदेश के बावजूद कब्जा न मिलने, पूजा निषाद की भूमि पर कब्जा दिलाने तथा ग्राम प्रधान सुहागिनी देवी के विरुद्ध इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में अनियमितता संबंधी शिकायतों सहित अन्य मामलों पर सुनवाई की गई।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
जनता दर्शन में राजस्व, पुलिस, विकास, अवैध कब्जा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिला प्रशासन के अनुसार जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
