उन्नाव। जनपद के प्रसिद्ध गोकुल बाबा मंदिर में रविवार सुबह दर्शन करने पहुंचे एक युवक को सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि युवक सांप को भी झोले में बंद कर अपने साथ अस्पताल ले आया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मगरवारा क्षेत्र निवासी एसपी सिंह रविवार सुबह करीब 10:30 बजे गोकुल बाबा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंदिर परिसर में कुछ बच्चे सांप लेकर बैठे थे। इसी दौरान एसपी सिंह ने उत्सुकतावश सांप को छूने का प्रयास किया, तभी सांप ने उन्हें डस लिया।
सांप के काटने के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार में सहायता के उद्देश्य से युवक सांप को झोले में बंद कर अपने साथ अस्पताल ले आया, ताकि चिकित्सक उसकी पहचान कर उचित इलाज कर सकें। हालांकि, अस्पताल में झोले में सांप होने की जानकारी मिलते ही मरीजों और तीमारदारों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने युवक का तत्काल उपचार शुरू किया और आवश्यक जांच के बाद उसे निगरानी में रखा। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मंदिर परिसर में बच्चे सांप लेकर क्यों बैठे थे और क्या उनके पास इसके लिए कोई वैध अनुमति थी। संबंधित विभागों के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
