सूर्यपाल प्रोटेक / सह – सम्पादक
बीघापुर (उन्नाव)। उन्नाव के बीघापुर थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर खाना खाने के दौरान दो ट्रक चालकों के बीच हुआ मामूली विवाद हत्या में बदल गया। गाली-गलौज के बाद एक चालक ने दूसरे की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई को झारखंड के जमशेदपुर निवासी 25 वर्षीय सूरज सिंह और काशीनाथ राउत अपनी-अपनी चेसिस ट्रकों को दादामऊ स्थित फौजी ढाबे पर खड़ा कर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान काशीनाथ राउत ने अपनी जेब से स्टील का चाकू निकालकर सूरज सिंह की गर्दन पर वार कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल सूरज सिंह को तत्काल 100 शैय्या अस्पताल बीघापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना बीघापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी काशीनाथ राउत को दादामऊ मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
