पाटन (उन्नाव)। तहसील बीघापुर क्षेत्र के ग्राम चिकंदरपुर में हिंदी दैनिक समाचार पत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं समाजसेवी रामबाबू यादव की 75वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने केक काटकर उनका सम्मान किया और स्वस्थ, दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
रामबाबू यादव ने वर्ष 1985 से 2008 तक लखनऊ से प्रकाशित एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र के पेस्टिंग विभाग में लगभग 23 वर्षों तक सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं और क्षेत्र के लोगों के बीच सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं।
जन्मोत्सव समारोह को यादगार बनाने के लिए वीर रस आल्हा का विशेष आयोजन किया गया। जनपद रायबरेली से पहुंचीं प्रसिद्ध आल्हा गायिका अलका वाजपेई ने अपने साथियों के साथ वीर रस की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुति पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।
समारोह में समाजवादी नेता अंकित सिंह परिहार, कल्लू यादव, नंद कुमार मास्टर, शाश्वत यादव, पुनीत यादव, दिनेश कुमार, मयंक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
