उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में घायल लोगों का हाल जानने के लिए रविवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना जिला अस्पताल पहुंचे। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह भी मौजूद रहे। डीएम ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि हादसे में घायल मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी मरीजों की नियमित निगरानी की जाए और उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में घायल लोगों को बेहतर और समुचित उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उपचार के दौरान किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को घायलों के उपचार तथा आवश्यक सुविधाओं को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
