नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि तिरंगा देश के गौरव का प्रतीक होने के साथ ही राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ से जोड़ना विशेष अवसर है।
तिरंगा यात्राओं और रैलियों से बनेगा देशभक्ति का माहौल
संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष अभियान के तहत देशभर में तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां और तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को राष्ट्रीय भावना से जोड़ना और देशभक्ति का वातावरण तैयार करना है।
मंत्रालय ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान और गौरव व्यक्त करने का विशेष अवसर दे रही है।
‘सूर्यपथ तिरंगा’ बनेगा खास आकर्षण
इस वर्ष के कार्यक्रमों में ‘सूर्यपथ तिरंगा’ को प्रमुख आकर्षण के रूप में शामिल किया गया है। संस्कृति मंत्रालय ने इसे अपनी तरह की विशेष पहल बताया है। इसके माध्यम से दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले भारतवंशियों को भी तिरंगे के वैश्विक उत्सव से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
घर पर तिरंगा फहराने की अपील
मंत्रालय ने देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और अभियान में भागीदारी की सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की है।
गौरतलब है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्वतंत्रता दिवस से जुड़ा एक व्यापक जनभागीदारी अभियान बन चुका है। इसके जरिए नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान, गौरव एवं जुड़ाव को प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
