पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह ‘सिल्वर मेडल’ एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मान
कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में एटा के एसओजी प्रभारी एवं कानपुर के बर्रा निवासी श्रवण कुमार निगम को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह ‘सिल्वर मेडल’ प्रदान किया गया।
आगरा में आयोजित सम्मान समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने श्रवण कुमार निगम को पदक पहनाकर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान पुलिस सेवा में उनकी निरंतर कर्तव्यनिष्ठा, कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान तथा अपराध नियंत्रण के लिए किए गए प्रभावी कार्यों के लिए दिया गया।
सम्मान मिलने के बाद एटा पुलिस विभाग में खुशी का माहौल रहा। वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने श्रवण कुमार निगम को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को विभाग के लिए गौरव का विषय बताया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान पुलिसकर्मियों को और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। श्रवण कुमार निगम को मिला यह सम्मान उनकी कार्यशैली और पुलिस सेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना के रूप में देखा जा रहा है।
