इंद्रराज राजपूत | सिद्धौर, बाराबंकी। ग्राम पंचायत सिद्धौर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। ग्राम प्रधान सत्यनाम सिंह वर्मा ‘गुड्डू’ द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख आरती रावत ने किया। ग्राम दीनपनाह से सैकड़ों लोगों के साथ शुरू हुई यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा शान से लहराता नजर आया।

तिरंगा यात्रा ग्राम दीनपनाह से प्रारंभ होकर रानी पुरवा, अलीगढ़ और सिद्धौर होते हुए मिडिल स्कूल बिंदियामऊ पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान युवाओं, ग्रामीणों, महिलाओं और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा के समापन के बाद ब्लॉक प्रमुख आरती रावत ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन तथा गांव से विद्यालय तक बनाए गए इंटरलॉकिंग मार्ग का लोकार्पण किया। संबोधन में उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राएं लोगों में राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंह, सिसोदिया मंडल अध्यक्ष राम तीरथ वर्मा, ग्राम प्रधान सत्यनाम सिंह वर्मा ‘गुड्डू’ सहित अन्य वक्ताओं ने भी राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सीडीपीओ अर्चना मिश्रा, सचिव जनार्दन प्रसाद, जेई आरएस, सभासद डॉ. राजेंद्र वर्मा, प्रधान अमित वर्मा, पंकज सिंह, गणेश बक्स वर्मा, मीनू वर्मा, तेज बक्श सिंह, प्रमोद वर्मा, रमाकांत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और छात्र मौजूद रहे।
