पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के बक्सर स्थित सत्संग भवन में आगामी रक्षाबंधन पर्व एवं गंगा स्नान को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और गंगा स्नान को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद एसडीएम आनंद कुमार नायक और सीओ मधुपनाथ मिश्रा ने बक्सर स्थित गंगा पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार अधिकारियों से मरम्मत कार्य की स्थिति और निर्धारित समयसीमा के संबंध में जानकारी ली गई।
एसडीएम आनंद कुमार नायक ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व और गंगा स्नान को देखते हुए पुल की मरम्मत का कार्य समय से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण के बाद बक्सर गंगा घाट और गंगापुल पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज होने की संभावना है। पर्व के दौरान भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।
