पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के भगनाखेड़ा मजरा चैनपुर गांव में पारिवारिक बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत के दौरान एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो लोगों पर हमला कर बर्बरता से मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए बिहार थाने में नामजद तहरीर दी है।
पीड़िता जनाका देवी पत्नी ननकऊ लोध के मुताबिक, परिवार में बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान उन्होंने कहा कि उनका बेटा बाहर प्राइवेट नौकरी करता है और उसकी गैरमौजूदगी में बंटवारे का फैसला नहीं किया जाना चाहिए। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गेंदालाल पुत्र लल्लू लोध और उसकी पत्नी संगीता ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और लात-घूंसों व थप्पड़ों से जमकर मारपीट की। घटना में उनके दाहिने हाथ के नीचे तथा शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं।
पीड़िता के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपितों ने दोबारा मिलने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी भी दी। घटना के बाद से महिला भयभीत है।
पीड़िता ने बिहार थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले में जांच और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
