उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के पोरई गांव में लोन नदी का जलस्तर बढ़ने से पिछले चार दिनों से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। गांव का करीब आधा हिस्सा बाढ़ की चपेट में आने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर संपर्क मार्ग जलमग्न होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, राशन और खाद्य सामग्री की कमी के चलते प्रभावित परिवारों के सामने भोजन का संकट भी खड़ा हो गया है।
बाढ़ की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने पर राष्ट्रसेवक पुष्पेंद्र प्रताप सिंह की टीम राहत कार्य के लिए आगे आई। शुक्रवार सुबह उनके बड़े भाई मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम पोरई गांव पहुंची। टीम के सदस्यों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जलभराव के बीच घर-घर जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान करीब 70 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। राहत सामग्री मिलने से संकट के बीच ग्रामीणों को काफी सहारा मिला। टीम ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि मुश्किल की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और जरूरत के अनुसार आगे भी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, लोन नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव के कई हिस्सों में पानी भर गया है। दैनिक जीवन प्रभावित होने के साथ ही लोगों को खाने-पीने की सामग्री जुटाने में भी कठिनाई हो रही है। ऐसे समय में राहत सामग्री पहुंचने पर प्रभावित परिवारों ने मदद के लिए आभार जताया।
राहत कार्य के दौरान प्रधान राघवेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, शिवबहादुर लोधी, राजेश सिंह, विनीत सिंह, आदेश चौधरी, आशू सिंह राठौर, गोलू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने राष्ट्रसेवक पुष्पेंद्र प्रताप सिंह और उनकी टीम द्वारा किए गए राहत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय जरूरतमंद परिवारों तक भोजन और राशन पहुंचाना मानवीय संवेदना का परिचय है।
