पर्यावरण संरक्षण के साथ सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया जोर, पीपल, बरगद और पाकड़ के सामूहिक रोपण का आह्वान
सिद्धौर, बाराबंकी। पर्यावरण संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे हरिशंकरी रोपण अभियान को लेकर नगर पंचायत सिद्धौर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा नेता प्रमोद तिवारी ने की।
बैठक में प्रमोद तिवारी ने कहा कि हरिशंकरी तीन पवित्र वृक्षों पीपल, बरगद और पाकड़ का एक साथ सामूहिक रोपण है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ जैव विविधता को समृद्ध करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित आवरण तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि पीपल, बरगद और पाकड़ जैसे वृक्ष दीर्घजीवी होने के साथ पर्यावरण के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। ये वृक्ष पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को आश्रय प्रदान करते हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति, संस्था और नागरिक की जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक पौधों का रोपण करने के साथ उनके संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाए।
बैठक में हरिशंकरी रोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को पौधरोपण और संरक्षण के लिए प्रेरित करने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर भाजपा नेता दिनेश चंद्र रावत, रोहिताश्व दीक्षित, रामेंद्र सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंह सिसोदिया, अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी, लिपिक शिरीष मिश्रा, डॉ. राजेंद्र वर्मा, लवकुश मिश्रा, हनुमान वर्मा, दीनानाथ, आशिक अली, मो. दिलशाद सहित सभासद और नगर के नागरिक मौजूद रहे।
