पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के हुलासी खेड़ा नहर पुल स्थित गणेश महोत्सव परिसर में शुक्रवार को गणेश महोत्सव के पांचवें दिन भव्य आल्हा गायन का आयोजन किया गया। शाम पांच बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में फतेहपुर निवासी प्रसिद्ध आल्हा गायक छोटेलाल पाल ने अपनी ओजपूर्ण गायन शैली से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को देर तक बांधे रखा।
उत्तर प्रदेश आल्हा अकादमी एवं भारतीय सांस्कृतिक मंडल नई दिल्ली से सम्मानित आल्हा गायक छोटेलाल पाल ने आल्हा-ऊदल की वीरगाथाओं से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का सजीव गायन प्रस्तुत किया। उन्होंने माड़ो की लड़ाई समेत कई वीरतापूर्ण प्रसंगों को दमदार आवाज और पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुत कर श्रोताओं में उत्साह भर दिया। आल्हा गायन के दौरान गणेश महोत्सव परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
इससे पहले गुरुवार रात गणेश महोत्सव परिसर में धनुष भंग, सीता विवाह और मां काली की आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया था। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सहभागिता की।
आयोजकों ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को बढ़ावा देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में आल्हा गायन का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने देर रात तक वीरगाथाओं का आनंद लिया।
