लाल निशान वाले सभी स्थानों से कब्जा न हटाने पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
पाटन, उन्नाव। बीघापुर नगर पंचायत के अंबेडकर नगर बाजार में सब्जी मंडी के पास प्रस्तावित गोल चौराहा और सुंदरीकरण का कार्य अतिक्रमण के चलते लंबे समय से बाधित है। बुधवार को तहसीलदार प्रज्ञा तिवारी के नेतृत्व में तहसील व पुलिस प्रशासन की टीम ने बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
सब्जी मंडी के पास अर्जुन नाला पुलिया के दोनों ओर सड़क की जमीन पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर इस मामले में पांच सदस्यीय टीम गठित की गई थी। मंगलवार को नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव और लेखपाल सुनील कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों को 24 घंटे के भीतर कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे।
निर्धारित समय के बाद बुधवार को तहसीलदार प्रज्ञा तिवारी, नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव, कोतवाल अश्विनी कुमार मिश्रा और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की टीम ने बुलडोजर की मदद से सड़क की जमीन पर किए गए कब्जों को हटाया।
हालांकि कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि पूर्व में लाल निशान से चिन्हित किए गए सभी स्थानों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की भूमि को पूरी तरह कब्जामुक्त कराने की मांग की है, ताकि प्रस्तावित गोल चौराहा और सुंदरीकरण का कार्य जल्द शुरू हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोल चौराहा और सुंदरीकरण का कार्य पूरा होने से बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्र का स्वरूप भी बेहतर होगा। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को पूरी तरह पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
