असोहा, उन्नाव। सेवा सेतु अभियान के तहत शुक्रवार को असोहा ब्लॉक परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर का पुरवा विधायक अनिल सिंह ने निरीक्षण किया और विभागों द्वारा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
आन्या वेंचर्स सोलर पावर की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाए गए कैंप में ग्रामीणों को घरों की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाने, सरकारी सब्सिडी और पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। विधायक अनिल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से लोग अपनी छत को बिजली के पावर हाउस में बदल सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कैंप में कृषि विभाग की ओर से किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा सिंचाई विभाग, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, पंचायती राज विभाग और पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया और पात्र लाभार्थियों को सुविधाओं की जानकारी दी।
इस दौरान विधायक अनिल सिंह ने दिव्यांगजनों को साइकिल वितरित की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी दी। सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सुविधाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाकर पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभ दिलाना रहा।
