अंगद संवाद और मेघनाथ संवाद का हुआ मंचन, हजारों की संख्या में जुटे श्रद्धालु
संवाददाता: इंद्रराज राजपूत
सिद्धौर, बाराबंकी। नगर पंचायत सिद्धौर कस्बे में बुधवार को विजयदशमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रामलीला में अंगद संवाद, मेघनाथ संवाद और रावण वध का मंचन किया गया। रामलीला देखने और रावण दहन का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मेला परिसर में एकत्र हुए।
रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका हर्षित, लक्ष्मण की भूमिका ऋषभ तथा रावण की भूमिका दीपेंद्र गुप्ता ने निभाई। कलाकारों ने अपने अभिनय से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। रावण दहन के दौरान जैसे ही पुतले में आग लगाई गई, वह धू-धू कर जलने लगा। इस दौरान पूरा मेला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रावण दहन का दृश्य देखकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम ने लंका में रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत स्थापित की थी। इसी परंपरा के तहत हर वर्ष दशहरे पर रावण दहन किया जाता है।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए असंद्रा थाना अध्यक्ष अनिल सिंह और सिद्धौर चौकी इंचार्ज गौरव सिंह पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने मेला परिसर में निगरानी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी।
इस मौके पर मेला कमेटी के प्रधान सत्यनाम सिंह वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, डॉ. राजेंद्र वर्मा, तेज बक्स सिंह गुड्डू, महंत अनिल पुरी, अखिलेश यादव, रामचंद्र, जितेंद्र वर्मा सहित कस्बे के गणमान्य लोग और हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
